Saturday, April 30, 2011

बचपन

क्यों गर्मी की छुट्टी
को अब न होती बेचैन
मासूम शैतानियाँ और
खिलौने वाली ट्रेन ?

न होती बारिश के खड्डों में
छोटे पैरों की छप-छप
न स्कूल बस की सीट
सुनती घंटों वो गप-शप

न गली का चूरन
न पोपिन्स की गोली
अब न मैगी की ज़िद
और न शक्कर की चोरी

न पकड़म- पकड़ाई
करती घंटों का खेल
न छिपन-छिपाई का
अब होता है मेल

न दिखते पहाड़े में
परियों के पर
न कागज की नाव
न मोगली का घर

न झूठ-मूठ के गुस्से पे
अब माँ का मनाना
न मीठी सी धुन में
वो लोरी सुनाना

पोटली बाबा के किस्सों
को लेकर अपने संग
बादल के उस पार
क्यों लौट गया बचपन?

No comments:

Post a Comment